दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। कटनी जिले के रीठी क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए करीब चार घंटे तक अस्पताल में भटकना पड़ा, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुल गई।
अनियंत्रित पिकअप पलटी, मौके पर मौत
रीठी थाना क्षेत्र के थनौरा के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में बिरहुली निवासी गया प्रसाद आदिवासी (70) गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन शव को रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
चार घंटे तक किया डॉक्टर का इंतजार
परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे अस्पताल पहुंचने के बाद दोपहर 2 बजे तक वे डॉक्टरों और स्टाफ से पोस्टमार्टम के लिए गुहार लगाते रहे, लेकिन कोई उपलब्ध नहीं था। इस दौरान शव अस्पताल परिसर में ही पड़ा रहा और परिजन परेशान होते रहे।
बड़गांव से बुलाया गया डॉक्टर, तब हुआ पीएम
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर मौजूद नहीं था, इसलिए बड़गांव से डॉक्टर को बुलाना पड़ा। इसी कारण पोस्टमार्टम में देरी हुई। शाम करीब 4 बजे जाकर पीएम की प्रक्रिया पूरी हो सकी।
जांच शुरू, जिम्मेदारी तय होगी
रीठी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ने डॉक्टर की देरी से पहुंचने के मामले में जांच कराने की बात कही है।
Tags
madhya pradesh
