दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रतलाम। जिले के नामली थाने में हिरासत में बंद एक आरोपी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी गायत्री सोनी को लाइन अटैच कर दिया गया है, जबकि ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल नारायण जादौन को सस्पेंड किया गया है।
यह आरोपी अपनी नाबालिग बेटी से रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, उसने 15 अप्रैल की देर रात नामली थाने की हवालात में अपने लोअर के नाड़े से फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना से पहले आरोपी ने एक चौंकाने वाला आवेदन भी थाने में दिया था, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर झूठा केस फंसाने की साजिश का आरोप लगाया था। इसके बावजूद दोपहर में बेटी की शिकायत पर उसके खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
हवालात में बने टॉयलेट के पास पाइप के सहारे आरोपी ने फंदा बनाया। बताया जा रहा है कि जिस कोने में यह घटना हुई, वहां सीसीटीवी कवरेज नहीं था, जिससे समय पर जानकारी नहीं मिल सकी।
सुबह ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी को जब आरोपी नजर नहीं आया, तो उसने जांच की और उसे फंदे से लटका पाया। तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर झूठे आरोप लगाकर फंसाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच में कुछ आपत्तिजनक वीडियो और सर्च हिस्ट्री भी मिलने की बात कही है।
इस पूरे मामले की न्यायिक जांच के साथ-साथ पुलिस जांच भी शुरू कर दी गई है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि जांच की जिम्मेदारी सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया को सौंपी गई है।
Tags
madhya pradesh
