MP News: हर विधानसभा में 30 हजार परिवारों से 100-100 रुपए जुटाएगी कांग्रेस

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने शुक्रवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों के सम्मेलन में बड़ा प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 30 हजार परिवारों से 100-100 रुपए सहयोग के रूप में लेने की योजना बना रही है। इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए दिल्ली भेजा गया है।

चौधरी के मुताबिक, इस योजना से जुटाई गई राशि का उपयोग जिला और ब्लॉक स्तर पर ही किया जाएगा। इसे प्रदेश या अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में खर्च नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य संगठन को आत्मनिर्भर बनाना और कार्यकर्ताओं के माध्यम से संसाधन जुटाना है, ताकि पार्टी किसी एक व्यक्ति पर निर्भर न रहे।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, अजय सिंह, विजयलक्ष्मी साधौ, कांतिलाल भूरिया और डॉ. गोविंद सिंह समेत 50 से ज्यादा वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

चौधरी ने ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करें, मंडल, वार्ड और बूथ स्तर तक कमेटियों का गठन और सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्षों के काम का मूल्यांकन जारी है और ब्लॉक अध्यक्षों के कार्यों की समीक्षा भी छह महीने बाद की जाएगी।

सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी चुनावों की तैयारी को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post