शाह बोले - विपक्ष वोट नहीं देगा तो बिल गिर जाएगा, देश की महिलाएं देख रही हैं कि उनकी राह का रोड़ा कौन; अब वोटिंग होगी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयकों पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष मतदान में हिस्सा नहीं लेता, तो बिल गिर सकता है और देश की महिलाएं यह देख रही हैं कि उनके अधिकारों में कौन बाधा बन रहा है।

शाह ने कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल की शर्तों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे 50% सीटें बढ़ाने के लिए संशोधन लाने को तैयार हैं, लेकिन परिसीमन से जुड़े प्रावधानों को हटाने की मांग स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह बिल को टालने की कोशिश कर रहा है।

लोकसभा में इस मुद्दे पर करीब 21 घंटे तक चर्चा चली, जिसमें 130 सांसदों ने अपने विचार रखे, जिनमें 56 महिला सांसद शामिल रहीं। अब बिल पर वोटिंग होना तय है।

चर्चा के दौरान राहुल गांधी के बयान को लेकर भी तीखी नोकझोंक देखने को मिली। शाह ने उनके भाषण पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सदन की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और उन्हें अपने शब्दों का ध्यान रखना चाहिए।

शाह ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए सीटों का परिसीमन जरूरी है, ताकि 2029 के चुनाव में इसे प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने विपक्ष पर बिना सोचे-समझे हर फैसले का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह केवल राजनीतिक कारणों से किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post