दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले के अंजनिया चौकी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक का शव उसके ही घर के सेप्टिक टैंक से 9 टुकड़ों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान करियागांव निवासी आशीष साहू के रूप में हुई है, जो पिछले 6 दिनों से लापता था।
शुक्रवार को मृतक के पिता मुन्ना लाल साहू ने पुलिस को सूचना दी कि घर के सेप्टिक टैंक से तेज बदबू आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब टैंक की जांच की, तो अंदर कपड़े में लिपटे शव के टुकड़े मिले। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान आशीष साहू के रूप में की।
जानकारी के अनुसार, आशीष 11 अप्रैल से घर से गायब था। परिजनों ने 15 अप्रैल को अंजनिया चौकी में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस उसी समय से उसकी तलाश में जुटी थी।
इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक के बड़े भाई घनश्याम साहू पर शक गहराता जा रहा है। पिता और स्थानीय लोगों ने भी उसी पर संदेह जताया है। पुलिस फिलहाल घनश्याम से पूछताछ कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों भाई अलग-अलग काम करते थे। आशीष ने हाल ही में ट्रैक्टर खरीदा था और उसी से रोजगार चला रहा था, जबकि घनश्याम एक फैक्ट्री में काम करता है। परिवार की मां भी साल 2019 से लापता बताई जा रही है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
Tags
madhya pradesh
