दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के हीरानगर क्षेत्र में शनिवार रात एक बारात के दौरान उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब सड़क पर जाम के कारण एसीपी की गाड़ी को रास्ता नहीं मिला। इस बात को लेकर महिला एसीपी और बारात में शामिल युवकों के बीच जमकर बहस हो गई, जिससे मौके पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
रास्ता न मिलने पर भड़कीं ACP
घटना गौरी नगर स्थित एक्सिस बैंक के पास की है, जहां बजरंग दल के जिला संयोजक जयेश मौर्य के भतीजे की बारात निकल रही थी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाउंसर भी तैनात थे। इसी दौरान महिला एसीपी रूबिना मिजवानी अपनी जीप से वहां पहुंचीं, लेकिन बारात के कारण उन्हें रास्ता नहीं मिल सका।
सड़क पर जाम देखकर एसीपी नाराज हो गईं और मौके पर मौजूद कुछ युवकों को धक्का दे दिया। इस दौरान कुछ युवकों ने भी आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिससे विवाद और बढ़ गया।
आधे घंटे तक रुकी रही बारात
बताया जा रहा है कि विवाद के चलते करीब आधे घंटे तक बारात वहीं रुकी रही। एसीपी का कहना था कि बारात के कारण सड़क पर जाम लग रहा है और आम लोगों को परेशानी हो रही है।
टीआई ने संभाला मोर्चा, खुलवाया जाम
मामले की सूचना मिलने पर टीआई सुशील पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित करते हुए बारात को आगे रवाना कराया। इसके बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका।
पहले भी हो चुका है विवाद
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी महिला एसीपी का चेकिंग के दौरान एक महिला से विवाद हो चुका है, हालांकि उस समय कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी, लेकिन मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा।
ऑफिस शिफ्टिंग के बाद बढ़ी परेशानी
जानकारी के अनुसार, एसीपी रूबिना मिजवानी का कार्यालय पहले गौरी नगर सब्जी मंडी में था, लेकिन पिछले 6 महीनों से वह हीरानगर थाने में बैठ रही हैं। इस दौरान उन्हें अक्सर जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।
Tags
madhya pradesh
