Jabalpur News: बहराइच से नाबालिग को लेकर लौट रही लार्डगंज पुलिस, प्रयागराज में बड़े हादसे से बाल-बाल बची

दैनिक सांध्य बन्धु प्रयागराज/जबलपुर। प्रयागराज में सोमवार सुबह लार्डगंज पुलिस की एक टीम बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई। ओवरब्रिज पर चल रहे पुलिस वाहन का पिछला पहिया अचानक निकल गया, लेकिन चालक की सूझबूझ से वाहन को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। वाहन में सवार सभी पुलिसकर्मी और नाबालिग सुरक्षित हैं।

सुबह 9 बजे ओवरब्रिज पर हुआ हादसा

घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जैसे ही पुलिस वाहन ओवरब्रिज पर पहुंचा, ड्राइवर साइड का पिछला पहिया अचानक निकल गया। चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर वाहन रोक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि वाहन कुछ फीट और आगे बढ़ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बहराइच से नाबालिग को लेकर लौट रही थी टीम

जानकारी के अनुसार, लार्डगंज थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग जबलपुर से 800 किलोमीटर दूर बहराइच जिले में अपने रिश्तेदारों के पास है। इसके बाद लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य के द्वारा गठित एक पुलिस टीम एएसआई राजेश वर्मा के नेतृत्व में महिला आरक्षक सरिता ठाकुर और चालक उमेश यादव की टीम वहां पहुंची और नाबालिग को सकुशल अपने संरक्षण में लिया।

वापसी के दौरान हुआ हादसा

रविवार देर रात पुलिस टीम नाबालिग को लेकर जबलपुर लौट रही थी। इसी दौरान प्रयागराज के ओवरब्रिज पर यह हादसा हो गया। वाहन में एएसआई राजेश वर्मा, महिला आरक्षक, चालक और नाबालिग सवार थे। राहत की बात यह रही कि किसी को कोई चोट नहीं आई।

मरम्मत के बाद जबलपुर के लिए रवाना हुई टीम

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वाहन की मरम्मत के बाद टीम दोबारा जबलपुर के लिए रवाना हो गई है। टीम के शाम तक जबलपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post