Jabalpur News: हनुमानताल इलाके में चले चाकू, युवक गंभीर रूप से घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार योगेश श्रेष्ठ (22 वर्ष), निवासी घमापुर ने थाना हनुमानताल में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह हाईकोर्ट जबलपुर में आलोक बागरेचा के यहां मुंशी का कार्य करता है।

पीड़ित के अनुसार रात करीब 8:30 बजे वह अपने दोस्त आसिफ उर्फ गज्जू को बाइक से मोहरिया छोड़ने गया था। मरघटाई के पास जब उसका दोस्त रुका, तभी वहां दो मोटरसाइकिलों से अफजल मंसूरी, शाहरूख उर्फ एसआरके और नदीम अफरीदी पहुंचे।

बताया गया है कि करीब छह महीने पहले आसिफ और अफजल मंसूरी के बीच विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत थाना अधारताल में दर्ज कराई गई थी। इसी बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अफजल मंसूरी ने शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग की।

रुपये देने से मना करने पर अफजल मंसूरी ने चाकू से हमला कर योगेश के बाएं पैर की जांघ, पीठ और कंधे के पास चोट पहुंचाई। वहीं, शाहरूख और नदीम ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296(बी), 115(2), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post