Jabalpur News: दमोहनाका में चले चाकू, युवक गंभीर रूप से घायल; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के दमोहनाका इलाके में देर रात चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। गोहलपुर थाना क्षेत्र में एक ठेला संचालक युवक पर तीन अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, अजय गुप्ता (25), निवासी ग्राम कठार थाना रामपुर नैकिन जिला सीधी, वर्तमान में नर्मदानगर मालगुजार परिसर गोहलपुर में रहता है और ककड़ी-खीरा का ठेला लगाता है। उसने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती  रात करीब 9:30 बजे वह अपना ठेला लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह व्ही मार्ट के पास दमोहनाका पहुंचा, तभी तीन अज्ञात युवक उसके पास आए और 10 रुपये का खीरा लिया।

जब अजय ने उनसे पैसे मांगे, तो वे गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। जब उसने पैसे देने से मना किया, तो एक युवक ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले में अजय के गले और माथे पर गंभीर चोटें आईं।

हमले के बाद अजय अपनी जान बचाकर वहां से भागा, लेकिन भागते समय गिरने से उसके पैर में भी चोट लग गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

गोहलपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post