दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने पति की सुरक्षा को लेकर पुलिस से गुहार लगाई है। युवती का आरोप है कि उसके पति की एक्स गर्लफ्रेंड लगातार फोन कर धमकी दे रही है कि वह कभी भी उसके खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज कराकर उसे जेल भिजवा देगी।
पीड़िता शिवानी लोधी (26), निवासी ग्राम सगड़ा, शनिवार को अपने परिजनों के साथ एसपी ऑफिस पहुंची। उसने बताया कि वह शुभम लोधी से प्रेम करती है और दोनों ने 3 मार्च 2026 को कोर्ट और मंदिर में विवाह कर लिया है।
परिजनों की सहमति से 21 अप्रैल 2026 को सामाजिक विवाह की तैयारी भी पूरी हो चुकी है। शादी के कार्ड बंट चुके हैं और होटल-कैटरिंग की व्यवस्था भी हो चुकी है।
एक्स गर्लफ्रेंड पर ब्लैकमेलिंग के आरोप
शिवानी के मुताबिक, शुभम की पूर्व परिचित रौनक शर्मा उर्फ श्वेता विरहा (ओमती निवासी) शादी की जानकारी मिलने के बाद से लगातार फोन कर धमकी दे रही है।
आरोप है कि वह कह रही है शादी से पहले ही रेप का केस दर्ज कराकर जेल भिजवा दूंगी। साथ ही पैसों की मांग भी की जा रही है। अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर भी धमकियां दी जा रही हैं।
पहले खत्म हो चुका था रिश्ता
शिवानी ने बताया कि शादी से पहले वह और शुभम, श्वेता से मिले थे। उस समय श्वेता ने साफ कहा था कि अब उसका कोई संबंध नहीं है और वह उनके जीवन में दखल नहीं देगी।
लेकिन अब शादी नजदीक आते ही उसने फिर से दबाव बनाना शुरू कर दिया है।
पहले भी हुई थी शिकायत, जांच में निकली झूठी
पीड़िता के अनुसार, 23 जनवरी 2023 को श्वेता ने भेड़ाघाट थाने में शुभम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जो पुलिस जांच में झूठी पाई गई थी।
इसके बावजूद अब फिर से वही आरोप लगाकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा रही है।
“शादी टूटने का डर, परिवार की इज्जत दांव पर”
शिवानी का कहना है कि यदि शादी से पहले उसके पति के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज हो जाती है, तो वैवाहिक जीवन शुरू होने से पहले ही खत्म हो सकता है। दोनों परिवारों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचेगा। वे मानसिक दबाव में जीने को मजबूर हैं।
पुलिस ने लिया एक्शन, जांच शुरू
मामले में डीएसपी बी.एस. गठोरिया ने बताया कि पीड़िता से लिखित शिकायत ली गई है। मामले को तिलवारा थाना भेजकर जांच शुरू कर दी गई है। किसी भी तरह की झूठी या गलत कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी।
जांच के बाद ही होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर ही आगे कदम उठाया जाएगा।


