दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। धनवंतरी नगर चौकी अंतर्गत परसवाड़ा कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसके चलते पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार साक्षी किराना के पास बन रही एक बिल्डिंग में सुबह सेंटरिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान 60 वर्षीय मजदूर शालिगराम काछी अचानक ऊंचाई से नीचे गिर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक शालिगराम काछी पाटन के सूखा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार मरावी के मुताबिक, मजदूर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Tags
jabalpur
