दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में देर रात अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। शहर के धनवंतरी नगर और गढ़ा क्षेत्रों से वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि निर्धारित समय के बाद भी शराब की दुकानों से चोरी-छिपे बिक्री जारी है। इस घटनाक्रम ने पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दुकानों के आधिकारिक रूप से बंद होने के बाद भी साइड में बनी छोटी खिड़की के जरिए रात 12 बजे से लेकर 1 बजे तक शराब बेची जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सब संबंधित विभागों की जानकारी में हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही।
खिड़की से सप्लाई, रात में बढ़ जाते हैं दाम
रविवार देर रात सामने आए एक वीडियो में एक युवक करीब साढ़े 12 बजे बीयर खरीदते दिखा। उसने दो बीयर के पैसे दिए, लेकिन उसे केवल एक ही बीयर दी गई। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो खिड़की बंद कर दी गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि दुकानें बंद होने के बाद भी शटर के नीचे या बगल की खिड़की से 24 घंटे शराब उपलब्ध कराई जाती है। खास बात यह है कि रात के समय शराब एमआरपी से ज्यादा कीमत पर बेची जाती है।
“संरक्षण में चल रहा अवैध कारोबार”
रहवासियों का आरोप है कि नए ठेके मिलने के बाद ठेकेदार ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि पुलिस और आबकारी विभाग की कथित मिलीभगत के कारण यह अवैध कारोबार बिना किसी डर के जारी है। धनवंतरी नगर और गढ़ा सहित कई इलाकों में देर रात शराब बिक्री से झगड़े और असामाजिक गतिविधियां बढ़ने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
कार्रवाई के नाम पर औपचारिकता
कुछ मामलों में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई केवल दिखावे तक सीमित रही। पुलिस शटर पर डंडा मारकर लौट गई, जिसके बाद फिर से शराब बिक्री शुरू हो गई।
Tags
jabalpur


