दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर बबैहा पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पैदल जा रहे दंपती को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, जुझारी गांव निवासी 50 वर्षीय रामचरण मरकाम अपनी पत्नी धनवती मरकाम के साथ खेत से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बबैहा पुल के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रामचरण मरकाम उछलकर पुल के नीचे नाले में जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और तलाश के बाद नाले से उनका शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
घायल धनवती मरकाम को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
Tags
madhya pradesh
