Jabalpur News: घाट में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना कुण्डम क्षेत्र में ग्राम खिरवा स्थित महानदी के महुआई घाट पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक की पहचान मिंटू उर्फ दिलीप पटेल (24 वर्ष), निवासी दोनी (पटोरी), थाना मझौली के रूप में हुई।

मृतक के पिता मुकेश कुमार पटेल (50 वर्ष) ने बताया कि उनका बेटा परियट स्थित लालचंद डेरी में पिछले लगभग 8 वर्षों से काम करता था और वहीं रहता था। डेरी में कार्यरत अनीता बाई गौड़ के साथ उसके अच्छे संबंध थे। उन्होंने बताया कि उनका बेटा करीब तीन माह से घर नहीं आया था।

डेरी मालिक दीपक सेठ ने फोन कर जानकारी दी कि दिलीप “जवारा देखने” गोसलपुर जुझारी जाने की बात कहकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। खोजबीन के दौरान पता चला कि दिलीप अनीता बाई के गांव दियागढ़ गया था, जहां उसने खाना खाया और बाद में अनीता का मोबाइल लेकर चला गया।

परिजनों ने थाना ढीमरखेड़ा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और आसपास तलाश जारी रखी। अंततः 7 अप्रैल को महुआई घाट पर नदी में उसका शव उतराता हुआ मिला।

मर्ग जांच के दौरान परिजनों और गवाहों के बयान लिए गए, जिसमें सामने आया कि दिलीप ने अनीता बाई के रिश्तेदार अजीत उर्फ जित्तू धुर्वे और कैलाश सिंह परस्ते के साथ शराब पी थी। इसी दौरान अनीता बाई से संबंधों को लेकर विवाद हुआ और दोनों आरोपियों ने दिलीप के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नदी में फेंक दिया गया।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों अजीत धुर्वे और कैलाश सिंह परस्ते के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(बी), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post