इंदौर में सनसनी: पत्नी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर कराई पति की हत्या, सिर पर सटाकर मारी गोली, 4 आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की सुपारी देकर हत्या करवा दी। पुलिस ने इस मामले में पत्नी सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है।

इलाज के दौरान मौत

मृतक की पहचान नवीन पाटीदार के रूप में हुई है। 12 अप्रैल की शाम करीब 8 बजे वह राऊ इलाके में शराब पीने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसके सिर के पीछे सटाकर गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गोली उसकी गर्दन में धंसी मिली।

70 हजार रुपए में दी गई सुपारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के लिए करीब 70 हजार रुपए की सुपारी दी गई थी। वारदात में देशी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पत्नी और प्रेमी ने रची साजिश

जांच में खुलासा हुआ कि नवीन की पत्नी भारती पाटीदार और उसका प्रेमी राहुल उईके इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड हैं। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और उन्होंने मिलकर नवीन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

3 शूटरों को किया गया शामिल

साजिश को अंजाम देने के लिए देवास निवासी मुकेश कुमावत को जोड़ा गया, जिसने श्रीराम और अजय को साथ लिया। आरोपियों ने पहले नवीन की रेकी की और फिर सही मौके पर वारदात को अंजाम दिया।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह


जांच में यह भी सामने आया कि नवीन और राहुल पहले एक आपराधिक मामले में साथ शामिल थे। बाद में विवाद बढ़ा और नवीन ने मुखबिर बनकर राहुल को पुलिस के हवाले कर दिया था। इसी दुश्मनी के चलते राहुल ने बदला लेने की साजिश रची। इस दौरान भारती और राहुल के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।

4 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के अनुसार, पुलिस ने भारती पाटीदार, मुकेश कुमावत, श्रीराम और अजय को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी राहुल उईके फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post