Jabalpur News: आज शाम शहर के इन इलाकों में नहीं आएगा पानी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहरवासियों के लिए आज शाम परेशानी भरी खबर है। नर्मदा जल प्रदाय योजना के तहत 120 एमएलडी रमनगरा जलशोधन संयंत्र में आवश्यक मरम्मत और तकनीकी कार्य किए जाने के चलते कई क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी नगर निगम के अधीक्षण यंत्री एवं जल विभाग के प्रमुख कमलेश श्रीवास्तव ने दी।

नगर निगम द्वारा फिल्टर हाउस में 500 मिमी व्यास की बैकवॉश लाइन में 700 मिमी वाल्व बदलने, इंटेकवेल में आइसोलेटर बदलने और देवताल टैंक में बायपास व्यवस्था तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के कारण 17 अप्रैल को शाम के समय पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।

जलापूर्ति से प्रभावित प्रमुख क्षेत्रों में बिड़ला धर्मशाला, मेडिकल, त्रिपुरी, गुलौआ, राइट टाउन, रामेश्वरम, मनमोहन नगर, लक्ष्मीपुर, कोतवाली, मोतीनाला, आनंद नगर, लेमा गार्डन, सर्वोदय नगर, मदर टेरेसा, बेदी नगर, मिल्क स्कीम, किलकारी गार्डन, न्यू शोभापुर, राजीव नगर और गंगा नगर शामिल हैं।

इसके अलावा अमृत योजना के तहत कोंगवा, करमेता, शिवनगर, अमखेरा, रविंद्र नगर, सुहागी, खैरी और देवताल की ऊंची टंकियों से जुड़े इलाकों में भी जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।

नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post