दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने अवैध शिकार की कोशिश को नाकाम करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला पनागर थाना क्षेत्र का है, जहां बुधवार देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से राइफल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद किए। दोनों हथियारों का कोई लाइसेंस भी नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी विपिन बिहारी सिंह को ग्राम बड़ेरा कलां के पास फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान एक जीप (केए 12 एन 4252) में सवार दो संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण चेंगप्पा और गार्डन पेप्टिस के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जंगल में शिकार करने के उद्देश्य से आए थे और उन्होंने वन्यजीवों पर फायरिंग भी की, हालांकि उनका निशाना चूक गया और कोई शिकार नहीं हो सका।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि उन्होंने हथियार कहां से प्राप्त किए और इससे पहले कहां-कहां शिकार की घटनाओं को अंजाम दिया है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
