MP News: शादी में आए युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचला, मौत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव में शुक्रवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में सिवनी निवासी एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क पार कर रहे 40 वर्षीय मोहम्मद जाफर शाह को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद जाफर शाह सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 का निवासी था। वह जुन्नारदेव में अपने परिचित के विवाह समारोह में शामिल होने आया था। रात करीब 8:51 बजे श्रद्धा लॉन के सामने वह पैदल सड़क पार कर रहा था, तभी तामिया मार्ग की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर लगते ही जाफर सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक कुछ देर मौके पर रुका, फिर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post