MP News: ऑनलाइन जुए की लत ने ली कॉन्स्टेबल की जान, कर्ज में डूबा जवान फंदे पर झूला, 20 दिन पहले हुई थी सगाई

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) खंडवा। खंडवा में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन गेमिंग और जुए की लत ने एक युवा पुलिसकर्मी की जिंदगी छीन ली। रीवा जिले में पदस्थ 25 वर्षीय कॉन्स्टेबल अनसिंह नरगावे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह ऑनलाइन जुए और सट्टे की लत के कारण भारी कर्ज में डूब चुका था और इसी तनाव में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

पदमनगर थाना क्षेत्र में इंदौर रोड स्थित किशोर कुमार समाधि स्थल के पास शुक्रवार सुबह एक युवक का शव बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। मौके से मिले बैग में मध्यप्रदेश पुलिस का आईकार्ड मिला, जिसके आधार पर मृतक की पहचान बड़वानी जिले के राजपुर क्षेत्र के ग्राम मुरारी निवासी अनसिंह नरगावे के रूप में हुई। वह रीवा जिले के गढ़ थाने में पदस्थ था।

भाई बोला- कहता था “बहुत परेशान हूं”

मृतक के चचेरे भाई दीवान नरगावे, जो खरगोन कोतवाली में कॉन्स्टेबल हैं, ने बताया कि अनसिंह 5 मई को रीवा से पांच दिन की छुट्टी लेकर निकला था। जाने से पहले उसने फोन पर कहा था कि वह बहुत परेशान है। इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया।

करीब 24 घंटे बाद कुछ देर के लिए फोन चालू हुआ, जिसकी लोकेशन भोपाल के हबीबगंज स्टेशन की मिली। गुरुवार शाम को फिर फोन ऑन हुआ तो अनसिंह ने मैसेज में बताया कि वह खंडवा में है, लेकिन लगातार यही कहता रहा कि वह बहुत परेशान है। इसके बाद उसका फोन फिर बंद हो गया।

परिजन रात में ही खंडवा पहुंच गए और रेलवे स्टेशन सहित कई जगह तलाश करते रहे, लेकिन सुबह सूचना मिली कि पदमनगर क्षेत्र में उसने फांसी लगा ली है।

20 दिन पहले हुई थी सगाई

परिजनों ने बताया कि अनसिंह की करीब 20 दिन पहले ही सगाई हुई थी। मंगनी के बाद वह अपनी मंगेतर से नियमित बातचीत करता था, लेकिन उसने कभी अपनी परेशानी जाहिर नहीं की। जब उसका फोन बंद आने लगा तो सबसे पहले मंगेतर ने ही परिवार को इसकी जानकारी दी थी।

ऑनलाइन गेमिंग की लत बनी वजह

पदमनगर थाना प्रभारी जगदीश जमरे ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि पुलिसकर्मी ऑनलाइन गेमिंग और जुए की लत के चलते कर्ज में डूब गया था। उसने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी उधार ले रखा था। कर्ज और मानसिक तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

गौरतलब है कि एक साल पहले भी खंडवा जिले के छैगांवमाखन निवासी एक अन्य कॉन्स्टेबल ने ऑनलाइन गेमिंग के कारण तनाव में आकर आत्महत्या कर ली थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post