MP News: 2028 चुनाव कांग्रेस के लिए आखिरी मौका, सरकार नहीं बनी तो वजूद मिट जाएगा: कांग्रेस नेता अजय सिंह

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सिवनी। मध्य प्रदेश के कद्दावर कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह 'राहुल' ने आगामी 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को बड़ी चेतावनी दी है। सिवनी प्रवास के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि 2028 में कांग्रेस की सरकार नहीं बनती है, तो पार्टी का अस्तित्व पूरी तरह खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने इसे कांग्रेस के लिए "अंतिम मौका" करार दिया।

'सरकार बनेगी तो ही राजनीति में जिंदा रहेंगे'

केवलारी विधायक के निवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजय सिंह ने बेहद भावनात्मक और कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा, "2028 का चुनाव हमारे लिए कोई सामान्य चुनाव नहीं, बल्कि अस्तित्व की जंग है। अगर इस बार सरकार बनती है, तभी हम सब राजनीतिक रूप से जिंदा रहेंगे, वरना कोई नहीं बचेगा।" उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि अब केवल बैठकों और चर्चाओं का समय बीत चुका है, अब जमीन पर संघर्ष का वक्त है।

25 साल का सूखा और नई पीढ़ी का मोहभंग

अजय सिंह ने इस बात पर गहरी चिंता व्यक्त की कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस लगभग ढाई दशक से सत्ता से बाहर है (बीच के अल्प समय को छोड़कर)। उन्होंने कहा कि सत्ता से इतने लंबे समय तक दूर रहने के कारण कार्यकर्ताओं की एक पूरी पीढ़ी राजनीति से दूर हो गई है। उन्होंने पुराने और समर्पित कांग्रेसियों से अपील की कि वे अब घरों से बाहर निकलें और गांव-गांव जाकर जनता के बीच पार्टी की जड़ों को फिर से मजबूत करें।

अपने महाकौशल दौरे के दौरान अजय सिंह जबलपुर और सिवनी के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे। सिवनी में उन्होंने प्रदेश के कद्दावर नेता रहे दिवंगत स्व. हरवंश सिंह के निवास पर पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

देश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर बात करते हुए अजय सिंह ने कहा कि आज लोकतंत्र और विपक्ष दोनों ही बेहद कठिन दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का मंत्र देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरना ही एकमात्र विकल्प बचा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post