दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आगा चौक इलाके में दबंगई का एक मामला सामने आया है। यहाँ सामान खरीदने निकले एक कॉलेज छात्र को रोककर शराब के लिए रुपयों की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर आरोपी ने छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की और लोहे के पंच से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, आगा चौक निवासी 18 वर्षीय अनुराग जायसवाल, जो बी.कॉम तृतीय वर्ष का छात्र है, घर का सामान लेने गली नंबर 02 गया था। जब वह सामान लेकर वापस लौट रहा था, तभी मोड़ पर भोलू उर्फ समीर केवट ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने अनुराग से शराब पीने के लिए 500 रुपए की मांग की।
जब अनुराग ने रुपए देने से मना किया, तो आरोपी भोलू गाली-गलौज पर उतारू हो गया। विरोध करने पर उसने छात्र को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपी ने अपने दाहिने हाथ की उंगलियों में पहने हुए लोहे के पंच से अनुराग के चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में अनुराग की बाईं आंख के ऊपर और कान के पीछे गंभीर चोटें आई हैं, जिससे मौके पर खून बहने लगा।
मारपीट के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। लहूलुहान हालत में छात्र ने परिजनों के साथ लार्डगंज थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी भोलू उर्फ समीर केवट के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296A, 115(2), 119 और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
