दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना तिलवारा पुलिस ने जोधपुर पड़ाव में हुई सनसनीखेज हत्या और लूट की गुत्थी को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली थी और भागते समय एक अन्य वारदात को अंजाम देते हुए मोबाइल भी लूटा था।
ये है पूरा मामला
घटना 4 और 5 मई 2026 की दरमियानी रात की है। जोधपुर पड़ाव निवासी दस्सीलाल बसौर के घर के बाहर देर रात करीब 2:30 बजे मोटर साइकिल सवार तीन युवक पहुंचे। जब दस्सीलाल की पत्नी लक्ष्मी बाई बाहर निकलीं, तो युवकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। शोर सुनकर जब दस्सीलाल और उनका बेटा मोनू बीच-बचाव करने बाहर आए, तो हमलावरों ने दस्सीलाल के पेट में चाकू घोंप दिया। घायल दस्सीलाल की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घेराबंदी की। पुलिस ने संदेह के आधार पर शुभम पाण्डेय (24 वर्ष), शरद बर्मन (21 वर्ष) और एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए हत्या करना स्वीकार किया।
हत्या के बाद की थी लूट
पूछताछ में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि हत्या करने के बाद जब वे भाग रहे थे, तो उन्होंने गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास 'जंक्शन ढाबा' पर खड़े दो लड़कों से पार्टी करने के लिए रुपयों की मांग की। रुपये न देने पर उन्होंने उन पर भी चाकू से हमला किया और उनका मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
02 बटनदार चाइना चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटर साइकिल, 02 बटनदार चाइना चाकू, वारदात के दौरान उपयोग किए गए 02 मोबाइल फोन और 01 छीना हुआ मोबाइल बरामद किया है।
इनकी रही सराहना भूमिका
अंधी हत्या एवं लूट की घटना का खुलासा कर नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी तिलवारा बृजेश मिश्रा, उप निरीक्षक अभिषेक कैथवास, पी.एल. बंसल और उनकी टीम की सराहना भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या (धारा 103(1) BNS) और लूट का मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
Tags
jabalpur
