Jabalpur News: शादी का झांसा देकर इवेंट एंकर से दुष्कर्म, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ के एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) पर आरोप है कि उसने शहर की एक इवेंट एंकर को शादी का झांसा देकर होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

इवेंट के दौरान हुई थी मुलाकात

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, माढ़ोताल ग्रीन सिटी निवासी 26 वर्षीय युवती जो पेशावर रूप से बड़े आयोजनों में एंकरिंग का काम करती है, उसकी मुलाकात अक्टूबर 2025 में छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान सूर्या सिंह से हुई थी। सूर्या सिंह छत्तीसगढ़ का निवासी है और एक प्रतिष्ठित कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के पद पर कार्यरत है।

होटल में बनाया शारीरिक संबंध

मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने युवती को प्रेम जाल में फंसा लिया। पीड़िता का कहना है कि दोनों के परिवारों के बीच भी रिश्ते को लेकर बातचीत चल रही थी, जिससे उसे सूर्या पर पूरा भरोसा हो गया था। इसी बीच आरोपी जबलपुर पहुंचा और युवती को सिविल लाइन स्थित एक होटल में मिलने बुलाया। वहां शादी का वादा कर उसने युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और वापस छत्तीसगढ़ चला गया।

शादी से मुकरा आरोपी

घटना के कुछ समय बाद जब युवती ने सूर्या पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने अपने वादे से साफ इनकार कर दिया और युवती से दूरी बना ली। खुद को ठगा महसूस कर पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी सूर्या सिंह (पिता संतोष सिंह) के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छत्तीसगढ़ रवाना होने की तैयारी कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post