दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूटी सवार दो छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों छात्राएं करीब 15-20 फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरीं। इस दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय प्रिया उर्फ प्रियांशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी के लिए जंग लड़ रही है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों छात्राएं स्कूटी से पितृ पर्वत घूमने गई थीं। शाम करीब 6:30 बजे लौटते समय एरोड्रम रोड पर जैसे ही स्कूटी ने टर्न लिया, पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप (MP09-GJ-2636) ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक प्रिया दम तोड़ चुकी थी। घायल छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा है और डायवर्जन बनाया गया है। सड़क की बदली स्थिति और अव्यवस्था भी इस हादसे की एक बड़ी वजह मानी जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags
madhya pradesh
