दैनिक सांध्य बन्धु मंडला। जिले की बिछिया पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अंधविश्वास के चलते एक व्यक्ति ने अपने ही परिचित की नृशंस हत्या कर दी थी। पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब 1 मई 2026 को ग्राम फोक हलोन नहर के कोसाबारी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब शिनाख्त की, तो मृतक की पहचान ग्राम कुडैला निवासी 50 वर्षीय संतु उईके के रूप में हुई। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हत्या का प्रकरण दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
पुलिस की विवेचना में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी सखरु उईके (47 वर्ष) को यह शक था कि संतु उईके उस पर जादू-टोना करता है। इसी रंजिश और अंधविश्वास के चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची। 30 अप्रैल की रात करीब 1 बजे, सखरु अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर संतु को हलोन नहर के पास ले गया। वहां उसने पहले भारी पत्थर से संतु पर जानलेवा हमला किया और फिर उसे नहर के पानी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया।
बिछिया पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर आरोपी सखरु उईके को 4 मई को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और वह पत्थर भी बरामद कर लिया है जिससे हमला किया गया था।
आरोपी सखरु उईके के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद आरोपी को 5 मई को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
