दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नैगवा ग्राम के पास दो ट्रकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में एक ट्रक के क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग अंदर फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उमरिया से कटनी की ओर जा रहा एक लोडर ट्रक और कटनी से आ रहा हाइवा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रकों के केबिन में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस और पुलिस वाहन की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले मृतक की पहचान विजयराघवगढ़ निवासी राजेंद्र कोल के रूप में हुई है, जो ट्रक में क्लीनर के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। वहीं दुर्घटना के बाद बाधित यातायात को कुछ समय बाद बहाल कर दिया गया।
Tags
madhya pradesh
