इंदौर में भीषण आग से मचा हड़कंप: चाइनीज दुकान समेत तीन दुकानें जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट की आशंका

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र स्थित नंदानगर की गली नंबर-1 में गुरुवार शाम भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मजदूर चौक के पास स्थित एक चाइनीज दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा।

स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग बोर्ड बनाने वाली दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। शर्मा चाट दुकान संचालक धीरज शर्मा ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि पास का मेडिकल स्टोर और उनकी दुकान भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घटना के दौरान स्थानीय पार्षद मुन्नालाल यादव ने निगम के टैंकर मौके पर भिजवाकर आग बुझाने में सहयोग किया। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि दमकलकर्मी मोटर चालू करने वाला जरूरी पार्ट साथ लाना भूल गए थे। बाद में दूसरा पार्ट मंगवाकर मोटर शुरू की गई, लेकिन तब तक आग काफी नुकसान पहुंचा चुकी थी।

फिलहाल आग लगने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Post a Comment

Previous Post Next Post