दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) राजगढ़। ब्यावरा में एक सनसनीखेज ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर भोपाल निवासी युवक को होटल में बुलाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाने और चार साल तक ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। आरोपी ने वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पीड़ित से करीब 30 लाख रुपए वसूल लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
पीड़ित कुलदीप चक्रवर्ती ने पुलिस मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी पहचान वर्ष 2014 से ब्यावरा के वार्ड-2 भंवरगंज निवासी कमल प्रजापति से थी। वर्ष 2021 में आरोपी ने उसे मिलने के लिए ब्यावरा बुलाया। आरोप है कि भोपाल बायपास स्थित एक होटल में चाय पीने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इसी दौरान आरोपी ने एक महिला के साथ उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया।
इसके बाद आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने और झूठे दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगता रहा। बदनामी के डर से पीड़ित ने अलग-अलग माध्यमों से आरोपी को करीब 30 लाख रुपए दिए। पुलिस जांच में सामने आया कि 26 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए, जबकि 4 लाख रुपए नकद दिए गए। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन 21 मई 2023 से 7 जुलाई 2023 के बीच हुए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता, उसकी पत्नी, आरोपी और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन की जांच के बाद गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
देहात थाना प्रभारी प्रवीण जाट के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी ब्लैकमेल का शिकार तो नहीं बनाया।
Tags
madhya pradesh
