Jabalpur News: तीन मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में एक की मौत, चार घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़ी झामर के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम मेढ़ी झामर के पास दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने से टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त बाइकों से जा टकराई। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा काफी भयावह था। तीनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में एक दंपति और उनकी बेटी भी शामिल हैं, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पाटन अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार पाटन अस्पताल में जारी है।

पुलिस के अनुसार हादसे में घायल सभी लोग अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। फिलहाल मृतक और घायलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज गति से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post