दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नई शराब नीति के तहत खोली गई शराब दुकानों का विरोध अब उग्र रूप लेने लगा है। ताजा मामला गोसलपुर क्षेत्र के धमधा गांव स्थित बरनू तिराहा का है, जहां शनिवार शाम बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शराब दुकान पर पहुंच गए। पहले कुछ देर तक दुकान के बाहर विरोध प्रदर्शन हुआ, बच्चों ने डांस किया, इसके बाद अचानक भीड़ ने दुकान पर धावा बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिलाओं और बच्चों ने दुकान में घुसकर शराब की बोतलें उठानी शुरू कर दीं। जिसके हाथ जो बोतल लगी, वह उसे लेकर वहां से निकल गया। इस दौरान दुकान में जमकर हंगामा, पथराव और तोड़फोड़ भी की गई। महिलाओं ने दुकान संचालक को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दुकान बंद नहीं की गई तो दोबारा इसी तरह विरोध किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस वित्तीय वर्ष में ग्राम पंचायत हृदयनगर के धमधा गांव स्थित बरनू तिराहा पर नई शराब दुकान खोली गई थी। शुरुआत से ही ग्रामीण इसका विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस को शिकायत देकर दुकान हटाने की मांग की थी। उनका कहना था कि इसी रास्ते से महिलाएं और स्कूली बच्चे गुजरते हैं तथा शराबियों के जमावड़े से सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद आबकारी विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज होकर शनिवार को महिलाओं और बच्चों का गुस्सा फूट पड़ा। हाथों में लाठियां लेकर पहुंचे लोगों ने दुकान पर पथराव किया और अंदर घुसकर तोड़फोड़ कर दी।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। शराब दुकान संचालक संतोष जायसवाल ने गोसलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। संचालक का आरोप है कि भीड़ दुकान के अंदर घुस आई थी और शराब की बोतलों के साथ काउंटर में रखी बिक्री की रकम भी ले गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोसलपुर पुलिस और सिहोरा आबकारी वृत्त की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात महिलाओं सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
Tags
jabalpur
