दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में बाउंड्री वॉल गिरने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ई-रिक्शा में कूलर ले जाते समय दीवार क्षतिग्रस्त होने पर हुए विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात घायल साहिल लोधी को उसके पिता राजेन्द्र कुमार लोधी उपचार के लिए थाना हनुमानताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल साहिल को इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल भिजवाया।
राजेन्द्र कुमार लोधी (65 वर्ष), निवासी सरकारी कुआं, सेवक किराना के पास, हनुमानताल ने पुलिस को बताया कि बीती रात करीब 10 बजे वह अपने घर पर थे। इसी दौरान घर के पीछे किसी वस्तु के गिरने की आवाज सुनाई दी। वह अपने बेटे साहिल के साथ पीछे पहुंचे तो देखा कि साहिल रजक और उसका भाई सागर रजक ई-रिक्शा में कूलर लेकर जा रहे थे। आरोप है कि ई-रिक्शा में रखे कूलर की टक्कर से उनकी बाउंड्री वॉल गिर गई थी।
जब उन्होंने दीवार गिरने को लेकर आपत्ति जताई, तो साहिल रजक, सागर रजक और उनके पिता राजेश रजक गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर साहिल लोधी के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान साहिल रजक ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर साहिल लोधी की पीठ में चोट पहुंचा दी। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर हनुमानताल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 109(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Tags
jabalpur
