दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में पानी की किल्लत को लेकर हाहाकार मच गया है। शहर के तपेश्वरी बाग इलाके में पानी की गंभीर समस्या से परेशान आक्रोशित रहवासियों ने पानी की टंकी पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि गुस्साए लोगों ने वहां लगा हाइड्रेंट तोड़ दिया और टैंकर चालकों से भी विवाद किया। मौके पर पहुंची खजराना पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला। नगर निगम ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस में शिकायती आवेदन दिया है।
तपेश्वरी बाग में पानी की किल्लत से जूझ रहे लोग रविवार को अपनी शिकायत लेकर पानी की टंकी परिसर पहुंचे। संयोगवश, उसी समय वहां नगर निगम के एमआईसी (MIC) मेंबर, स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि और निगम के आला अधिकारी इस पेयजल संकट का समाधान तलाशने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक कर रहे थे। बैठक के बीच ही सैकड़ों की संख्या में पहुंचे रहवासियों ने अधिकारियों को घेर लिया और अपनी नाराजगी जाहिर की। हालांकि, एमआईसी मेंबर और अधिकारियों ने जल्द ही समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया और वहां से रवाना हो गए।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे वहीं डटे रहे। रहवासियों ने पानी की मांग को लेकर नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसी बीच एक युवक यह चेक करने के लिए कि टंकी में पानी है या नहीं, उसकी सीढ़ियों से ऊपर चढ़ने लगा, जिसे अन्य लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए नीचे उतारा। इसी दौरान वहां पानी भरने आए टैंकर चालकों के साथ भी रहवासियों की तीखी झड़प और विवाद की स्थिति बन गई।
पानी न मिलने से बौखलाए कुछ लोगों ने आक्रोश में आकर टंकी परिसर में लगा हाइड्रेंट (पानी सप्लाई का मुख्य पॉइंट) तोड़ दिया। हाइड्रेंट टूटने और हंगामे की सूचना मिलते ही खजराना थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सूझबूझ से भीड़ को शांत कराया।
घटना के बाद नगर निगम के जोन क्रमांक 8 के सहायक यंत्री (Assistant Engineer) शरद सोहनी ने खजराना थाने में एक शिकायती आवेदन दर्ज कराया है। आवेदन में हाइड्रेंट तोड़े जाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई है। हालांकि, अधिकारी ने यह भी उल्लेख किया है कि मौके पर सीसीटीवी कैमरे या अन्य कोई साधन न होने के कारण हाइड्रेंट तोड़ने वाले उपद्रवियों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
