Jabalpur News: चाचा और भतीजे ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से किया हमला; बीच-बचाव करने आए परिजनों को भी पीटा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम राखी वरवटा में सगे रिश्तेदारों के बीच जमकर लाठी-डंडे चल गए। इस खूनी संघर्ष में दोनों ही पक्षों के लोग घायल हुए हैं। घटना शनिवार रात करीब 8:30 बजे की है। 

पुलिस के अनुसार, पहले पक्ष से 19 वर्षीय छात्र हर्षवर्धन पटेल (पिता अश्वनी पटेल) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके परिवार की उनके सगे चाचा अमित पटेल से पुरानी रंजिश चल रही है। शनिवार रात करीब 8:30 बजे जब हर्षवर्धन घर पर कुछ काम कर रहा था, तभी चाचा अमित पटेल उसे देखकर गाली-गलौज करने लगे।

जब हर्षवर्धन ने गालियां देने से मना किया, तो अमित ने डंडे से हमला कर उसकी पीठ पर चोट पहुंचा दी। चीख-पुकार सुनकर जब हर्षवर्धन के पिता अश्वनी पटेल और दूसरे चाचा विभाष पटेल बीच-बचाव करने दौड़े, तो आरोपी अमित ने उनके साथ भी झूमाझपटी की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला।

वहीं, दूसरे पक्ष से 35 वर्षीय किसान अमित पटेल ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। अमित के मुताबिक, शनिवार रात करीब 8:30 बजे जब वह अपने घर पर थे, तभी उन्होंने बड़े पापा जगदीश पटेल को फोन लगाकर अपनी जमीन से नाली बनाने के लिए मना किया था। इसी बात से नाराज होकर अश्वनी पटेल का बेटा हर्षवर्धन उनके घर आया और गाली-गलौज करने लगा।

अमित ने जब मना किया, तो हर्षवर्धन ने डंडे से हमला कर उनके कंधे पर वार कर दिया। इसके बाद बड़े पापा के लड़के अश्वनी पटेल और विभाष पटेल भी हाथों में डंडा लेकर वहां पहुंच गए और तीनों ने मिलकर अमित को बेरहमी से पीटा, जिससे उनके पीठ, घुटने और गले में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post