दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर/भिंड। प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचाने की अपील के बाद भाजपा संगठन ने अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई की है। भिंड में भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव को नियुक्ति के महज 18 दिन बाद ही पद से हटा दिया गया। उन पर 100 से अधिक लग्जरी वाहनों के काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन करने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम सज्जन सिंह यादव समर्थकों के साथ भव्य वाहन रैली निकालते हुए शहर में प्रवेश कर रहे थे। इस दौरान ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी, हॉर्न और नारेबाजी से लोगों को परेशानी हुई। मामला सामने आने के बाद भाजपा प्रदेश संगठन ने इसे गंभीरता से लिया और किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने उनकी नियुक्ति निरस्त कर दी।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में दो बार सार्वजनिक मंचों से पेट्रोल-डीजल बचाने और अनावश्यक वाहन उपयोग कम करने की अपील कर चुके हैं। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah सहित कई नेताओं ने अपने काफिले छोटे किए हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने भी सादगी का संदेश दिया था। ऐसे माहौल में भाजपा नेता का बड़ा वाहन काफिला संगठन की नाराजगी का कारण बना।
पार्टी ने मांगा जवाब, सफाई में बोले- समर्थक खुद आए
कार्रवाई से पहले भाजपा संगठन ने सज्जन सिंह यादव से जवाब-तलब किया। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसी कार्यकर्ता या समर्थक को वाहन लाने के लिए नहीं कहा था। समर्थक स्वेच्छा से रैली में शामिल हुए थे और यह पार्टी के प्रति उत्साह का प्रदर्शन था।
हालांकि संगठन उनकी सफाई से संतुष्ट नहीं हुआ और तत्काल प्रभाव से उन्हें दायित्व मुक्त कर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष बोले- अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि जहां-जहां इस तरह की अनुशासनहीनता सामने आएगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। भिंड का मामला सामने आने पर तत्काल निर्णय लिया गया है।
पहले भी निकले बड़े काफिले, लेकिन कार्रवाई नहीं
प्रदेश में हाल के दिनों में कई भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों के बड़े काफिले चर्चा में रहे हैं। मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर 700 वाहनों के काफिले के साथ उज्जैन से भोपाल पहुंचे थे। मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी लंबे काफिले के साथ खंडवा में नजर आए थे। भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी 200 गाड़ियों के काफिले के साथ बगीचा सरकार मंदिर पहुंचे थे। मप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह ई-रिक्शा से निकले, लेकिन समर्थकों का काफिला साथ चलता रहा। खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन भी समर्थकों के काफिले के कारण चर्चा में आए थे।
Tags
madhya pradesh

