दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोहलपुर अंतर्गत नर्मदा नगर क्षेत्र में बैटरी चोरी की मुखबिरी के संदेह में एक ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट संचालक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। चार बदमाशों ने दुकान में घुसकर युवक पर चाकू और डंडों से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नर्मदा नगर दस्सी पडा की गली निवासी रूपांशु प्रसाद कुशवाहा (36 वर्ष) संस्कार परिसर में एक्स क्लब जिम के पास ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट चलाता है। बीती रात करीब 10:30 बजे, जब रूपांशु अपनी दुकान पर बैठा था, तभी नर्मदा नगर निवासी विक्की पंडित, आकाश कोष्टा, सोम कोष्टा और एक अन्य युवक दुकान के भीतर घुस आए।
आरोपियों के हाथ में चाकू और डंडे थे। बदमाशों ने दुकान में घुसते ही रूपांशु को गालियां देना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि रूपांशु ने पुलिस को उनके द्वारा ई-रिक्शा की बैटरी चोरी किए जाने की जानकारी दी है। जब पीड़ित ने इस बात से इनकार किया और गाली देने से मना किया, तो चारों आरोपियों ने 'आज इसे जान से खत्म कर देते हैं' कहते हुए हमला बोल दिया।
विक्की और आकाश ने चाकू से प्रहार किए, जबकि सोम और उसके साथी ने डंडों से मारपीट की। हमले में रूपांशु के सिर, बाईं आंख की पलक, कान और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल रूपांशु जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए सड़क की ओर भागा। शोर सुनकर सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।
मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना पर पहुंची गोहलपुर पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने आरोपी विक्की पंडित, आकाश कोष्टा, सोम कोष्टा और एक अन्य अज्ञात युवक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 331(7), 109(1), और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
