दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत बापूनगर खेरमाई मंदिर के पास जंगल में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक का शव बाबूनगर से लगे सुनसान जंगल क्षेत्र में पेड़ के नीचे पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत करीब 10 से 12 घंटे पहले होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंचे सीएसपी रांझी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पीठ पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
Tags
jabalpur
