दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के शाही नाका इलाके में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बीच सड़क पर एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान आयुष साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका पुराना लेनदेन को लेकर रोहन पटेल और आयुष श्रीपाल से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाही नाका इलाके में तीनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने अचानक चाकू निकालकर आयुष साहू पर हमला कर दिया।
खून से लथपथ होकर गिरा युवक
हमलावरों ने आयुष साहू पर कई वार किए, जिनमें जांघ पर लगा गहरा घाव जानलेवा साबित हुआ। घटना के दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को संभाला और तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण डॉक्टर उसे नहीं बचा सके।
वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इलाके में दहशत
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शाही नाका और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार चाकूबाजी और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पुलिस बोली- जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार
संजीवनी नगर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur


