MP News: दहेज लोभियों ने ली नवविवाहिता की जान! ₹10 लाख और बाइक की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पूर्णिया में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक 23 वर्षीय नीलम केवट की शादी ग्राम पौनिया निवासी अरविंद केवट से हुई थी। मृतका के पिता मनोज केवट ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों का कहना है कि घटना से ठीक एक दिन पहले ससुराल पक्ष ने नीलम से 10 लाख रुपए नकद और एक मोटरसाइकिल लाने का दबाव बनाया था। नीलम ने फोन पर अपने परिवार को प्रताड़ना की जानकारी भी दी थी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर पति, सास और ससुर ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

घटना के बाद ससुराल पक्ष नीलम को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और हंगामा करते हुए हत्या का आरोप लगाया।

मामले में शुरुआती पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन मंगलवार को कटनी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की। परिजनों ने आशंका जताई कि आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा सकता है।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष के आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post