दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच और थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आईपीएल क्रिकेट पर सट्टा खेलते एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन और सट्टे का हिसाब-किताब बरामद किया गया है। थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऋषि एजेंसी के पास एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर रुपए का दांव लगाकर सट्टा खेल रहा है। सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा, जिसने पूछताछ में अपना नाम रितेश तिवारी उर्फ घंशु तिवारी उम्र 34 वर्ष निवासी कांचघर, घमापुर बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मोबाइल के माध्यम से आईपीएल टीमों पर रुपए का दांव लगा रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सोनू उर्फ राकेश पाण्डे और मनीष जुनवानी के माध्यम से आईपीएल सट्टा खेलता था। आरोपी ने बताया कि 11 मई की रात पंजाब और दिल्ली टीम के मैच पर उसने अलग-अलग किस्तों में करीब 50 हजार रुपए का दांव लगाया था। पुलिस के अनुसार जीत-हार के बाद नगदी लेनदेन मदनमहल क्षेत्र में किया जाता था तथा कुछ भुगतान ऑनलाइन माध्यम से भी होता था। आरोपी के पास से सट्टा पर्ची, 1910 रुपए नगद और वीवो कंपनी का मोबाइल जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सट्टा अधिनियम की धारा 4(ए) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 49 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
Tags
jabalpur
