दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील का असर अब मध्यप्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। मंगलवार को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल अपनी लग्जरी कार छोड़कर साइकिल से हाईकोर्ट पहुंचे। उनका साइकिल चलाते हुए वीडियो सामने आने के बाद शहरभर में इसकी चर्चा होने लगी।
तीन किलोमीटर साइकिल चलाकर पहुंचे हाईकोर्ट
जानकारी के अनुसार जस्टिस डीडी बंसल सिविल लाइंस स्थित अपने निवास से करीब तीन किलोमीटर साइकिल चलाकर हाईकोर्ट पहुंचे। रास्तेभर लोगों की नजरें उन पर टिकी रहीं। हाईकोर्ट परिसर पहुंचने पर भी कर्मचारी और आम लोग उन्हें उत्सुकता से देखते नजर आए।
“जज साइकिल से नहीं जा सकते, यह सोच गलत”
मीडिया से बातचीत में जस्टिस बंसल ने कहा कि यह सोच पूरी तरह गलत है कि हाईकोर्ट के जज साइकिल से नहीं जा सकते। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, सभी लोगों को साइकिल चलाकर पेट्रोल और डीजल की बचत करनी चाहिए। यह केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं, बल्कि देशहित से भी जुड़ा विषय है।
मुख्य न्यायाधीश से मिली प्रेरणा
जस्टिस डीडी बंसल ने बताया कि उन्हें मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा से प्रेरणा मिली है। उनके इस प्रयास से प्रेरित होकर हाईकोर्ट के कुछ कर्मचारियों ने भी साइकिल से आने-जाने की शुरुआत की है।
प्रधानमंत्री ने की थी ईंधन बचाने की अपील
दरअसल, हाल ही में हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन की खपत कम करने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से कहा था कि जहां तक संभव हो, पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करें और मेट्रो, सार्वजनिक परिवहन तथा विद्युत वाहनों का अधिक उपयोग करें, ताकि ऊर्जा की बचत हो सके और विदेशी मुद्रा पर दबाव कम पड़े।
Tags
jabalpur
