दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अपनी बेटी के लापता होने से परेशान एक पिता ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा को शिकायत सौंपकर बेटी के अपहरण और उसे वेश्यावृत्ति में धकेले जाने की आशंका जताई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने और गुमशुदगी दर्ज होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता रामेश्वर तिवारी ने बताया कि उनकी बेटी तनिषा तिवारी का विवाह करीब पांच वर्ष पहले मझगवां क्षेत्र के ग्राम सरोंद निवासी संदीप दुबे के साथ हुआ था। दंपति का चार वर्षीय बेटा भी है।
शिकायत के अनुसार 29 अप्रैल को तनिषा तिवारी अपने पति की सहमति से ट्रेन से कहीं गई थी, लेकिन उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। बेटी के घर नहीं पहुंचने पर दामाद संदीप दुबे ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। उस समय तक तनिषा का मोबाइल चालू था और परिवार लगातार उससे संपर्क करने का प्रयास कर रहा था।
परिजनों के मुताबिक 3 मई को तनिषा ने इलाहाबाद में होने की जानकारी दी थी और रात करीब 11 बजे जबलपुर लौटने की बात कही थी। लेकिन उसी दिन रात करीब साढ़े आठ बजे उसका मोबाइल बंद हो गया, जिसके बाद से उससे किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं हो सका।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने दामाद संदीप दुबे को फोन कर धमकी दी थी। इसके बाद परिजन नुनसर चौकी, थाना पाटन पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने केवल मोबाइल पर संपर्क कराने तक सीमित कार्रवाई की, लेकिन युवती को वापस लाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए।
पीड़ित पिता ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता से जांच कर बेटी को सुरक्षित बरामद करने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Tags
jabalpur
