दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मांडवा रामपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेटी के ससुराल में आपसी विवाद सुलझाने पहुंचे मायके वालों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति और ससुर सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मांडवा रामपुर निवासी श्रीमती सिदराग्यास अंसारी (30 वर्ष) का विवाह वर्ष 2017 में आजाद हुसैन के साथ हुआ था। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। सोमवार को सिदराग्यास ने अपनी माँ को फोन कर बताया कि पति आजाद हुसैन पिछले कई दिनों से घर में राशन और सब्जी नहीं ला रहे हैं, जिससे खाने का संकट खड़ा हो गया है।
बेटी की परेशानी सुनकर रात करीब 10:15 बजे उसका भाई आमिर अंसारी, भाभी अमरीन बेगम और माँ नाजरा बेगम कार से ससुराल पहुंचे। जब उन्होंने आजाद हुसैन और उसके परिजनों को समझाने की कोशिश की, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए। विवाद इतना बढ़ा कि ससुर सज्जाद हुसैन घर के अंदर से तलवार जैसा हथियार निकाल लाया और जान से मारने की नीयत से आमिर अंसारी के सिर पर हमला कर दिया।
इतना ही नहीं, पति आजाद हुसैन ने भी सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर आमिर के हाथ को जख्मी कर दिया। बीच-बचाव करने उतरीं भाभी और माँ के साथ भी धक्का-मुक्की और बदतमीजी की गई।
घटना के दौरान पीड़िता का बड़ा भाई निजामुद्दीन और उसका दोस्त मुकीत खान भी मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। गंभीर रूप से घायल आमिर अंसारी को तत्काल स्कूटी से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
