दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। मंडला जिले में पटाखा गोदामों और विस्फोटक सामग्री के भंडारण को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। रविवार को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम चटुआमार और ग्राम बिनेका स्थित पटाखा गोदामों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों गोदामों को मौके पर ही सील कर दिया गया।
कार्रवाई एसडीएम सोनल सिडाम और थाना प्रभारी शफीक खान की मौजूदगी में की गई। अधिकारियों ने गोदामों में रखे पटाखों के स्टॉक, सुरक्षा व्यवस्था और दस्तावेजों की जांच की।
जांच में सामने आया कि ग्राम चटुआमार के लाइसेंसधारी मुकेश रहदवानी और ग्राम बिनेका के लाइसेंसधारी दिनेश पमनानी के गोदामों में मौजूद पटाखों की मात्रा, स्टॉक रजिस्टर में दर्ज विवरण से मेल नहीं खा रही थी। प्रशासन ने इसे विस्फोटक नियम 2008 और लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन माना।
अनियमितता पाए जाने के बाद प्रशासन ने दोनों गोदामों को सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में विस्फोटक सामग्री के भंडारण की लगातार निगरानी की जाएगी और सुरक्षा मानकों में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसडीएम सोनल सिडाम ने कहा कि जन सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी पटाखा लाइसेंसधारियों को नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी है कि भविष्य में अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
