दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घरों में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। घमापुर थाना क्षेत्र में एक घरेलू कामगार महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मामले में दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वारदात के बाद आरोपी घर का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने एक घर की लाइट बंद और दरवाजा बाहर से बंद देखा। संदेह होने पर लोगों ने दरवाजा खोला तो अंदर महिला का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका की पहचान 38 वर्षीय आरती चौधरी के रूप में हुई है, जो घरों में सफाई का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थी। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस मकान में घटना हुई वह अतुल कोरी का है, जो अपनी मां के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले उसकी मां शादी समारोह में शामिल होने शहर से बाहर गई हुई थी। आरती रोजाना की तरह शुक्रवार शाम को काम करने उसके घर पहुंची थी।विरोध करने पर हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घर में अकेला होने का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गला दबाकर हत्या कर दी गई। स्थानीय स्तर पर हत्या के बाद दुष्कर्म किए जाने की भी चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
थाना प्रभारी दिनेश गौतम के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने आरोपी अतुल कोरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इलाके में आक्रोश, एंबुलेंस देरी से पहुंचने का आरोप
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय पार्षद अविनाश चमकेल ने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची।
पार्षद के अनुसार, मृतका का एक छोटा बच्चा भी है और वह मेहनत मजदूरी कर परिवार चला रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी अतुल कोरी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


