दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के कटरा मस्जिद क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। महिला का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग उन्हें और उनके परिवार को लगातार परेशान कर रहे हैं, घर पर जानवरों की हड्डियां और पत्थर फेंके जा रहे हैं तथा इलाका छोड़ने की धमकी दी जा रही है। मामले को लेकर शुक्रवार को हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता भी एसपी ऑफिस पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
कटरा मस्जिद इलाके में रहने वाली सीमा लखेरा ने सीएसपी को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि पड़ोसी जमीला मंसूरी, रूबी खान और सिराज खान उनके मकान पर कब्जा करने की नीयत से लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। महिला के अनुसार, दो साल पहले उन्होंने घर बनवाया था, लेकिन पिछले करीब एक साल से उन्हें परेशान किया जा रहा है।
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि पड़ोसी कहते हैं कि “यहां हिंदू नहीं रहने देंगे, यहां पाकिस्तान बनेगा” और क्षेत्र में रहने के लिए मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया जाता है। सीमा लखेरा का दावा है कि उनके घर पर कई बार जानवरों की हड्डियां और पत्थर फेंके गए। हाल ही में घर के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को भी पत्थर मारकर तोड़ दिया गया।
सीमा लखेरा ने यह भी आरोप लगाया कि जब उनके पति काम के सिलसिले में बाहर जाते हैं, तब आरोपी घर के आसपास घूमते रहते हैं और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास करते हैं। महिला ने इसे मकान पर कब्जे की साजिश बताते हुए “लैंड जिहाद” की मंशा होने का आरोप लगाया है।
शिकायत में महिला ने यह भी कहा कि इलाके में जुआ, सट्टा और अवैध शराब जैसे गतिविधियां संचालित होती हैं तथा घर के बाहर खड़े होकर आपत्तिजनक इशारे किए जाते हैं। उनका आरोप है कि हिंदू परिवारों को मोहल्ला छोड़ने पर मजबूर करने की कोशिश की जा रही है।
मामले को लेकर हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता भी पीड़ित महिला के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत ने आरोप लगाया कि हिंदू परिवार को प्रताड़ित कर क्षेत्र खाली कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, सीएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आधारताल थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
