दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कटंगी में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उड़ना गांव में पैसे के लेनदेन के मामूली विवाद को लेकर एक युवक का फिल्मी अंदाज में अपहरण किया गया, जिसके बाद आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और अंत में जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। गोली लगने से लहूलुहान हुए युवक को गंभीर हालत में जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घात लगाकर बैठे थे आरोपी, बुलाकर किया अगवा
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान उड़ना गांव निवासी राजा सिंह लोधी (उम्र लगभग 26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान है। बताया जा रहा है कि राजा सिंह का राजघाट पौड़ी के रहने वाले सोनू नामक युवक से पैसों को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था।
घायल युवक के पिता सूरज सिंह लोधी ने पुलिस को बताया कि आरोपी सोनू पिछले दो दिनों से लगातार उनके घर आ रहा था और राजा को जान से मारने की सीधे शब्दों में धमकी दे रहा था। बीते दिन आरोपी सोनू ने सोची-समझी साजिश के तहत पैसों के निपटारे के बहाने राजा सिंह लोधी को फोन कर उड़ना गांव के बाहर बुलाया। राजा जैसे ही वहां पहुंचा, सोनू पहले से ही अपने 5-6 हथियारों से लैस साथियों के साथ घात लगाकर बैठा था। आरोपियों ने राजा को चारों तरफ से घेरा और जबरन अपनी गाड़ी में ठूंसकर राजघाट पौड़ी की तरफ ले गए।
बंधक बनाकर पीटा, फिर दाग दी गोली
परिजनों का आरोप है कि अपहरण करने के बाद आरोपियों ने पौड़ी इलाके में एक सुनसान जगह पर राजा को बंधक बना लिया। इसके बाद 5-6 बदमाशों ने मिलकर लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। जब राजा अधमरा हो गया, तब भी आरोपियों का दिल नहीं पसीजा और सोनू ने पिस्तौल निकालकर राजा पर सीधे गोली दाग दी। गोली राजा के शरीर के संवेदनशील हिस्से में लगी और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक को मरा हुआ समझकर और पुलिस के डर से मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश तेज
राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर कटंगी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए खून से सने राजा सिंह को तत्काल कटंगी शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर रेफर कर दिया।
कटंगी थाना प्रभारी श्रीमती पूजा उपाध्याय ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद की बात सामने आई है। पीड़ित किसान के पिता सूरज सिंह लोधी की शिकायत पर मुख्य आरोपी सोनू और उसके 5-6 अज्ञात साथियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें रवाना कर दी गई हैं, जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।
