Jabalpur News: व्यापारी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर चाकू की नोंक पर लूटे थे ₹2 लाख, 5 आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना माढ़ोताल पुलिस ने इंदौर से वसूली के लिए जबलपुर आए एक व्यापारी से हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से एक लाख रुपये नगद, वारदात में प्रयुक्त दो दुपहिया वाहन तथा एक चाकू बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार इंदौर निवासी अभय कुमार सिंह (25) अपनी कंपनी की उधारी राशि वसूलने 6 जून को अपने साथी लखन चौरसिया के साथ जबलपुर आए थे। मझौली क्षेत्र से उन्होंने उधारी के दो लाख रुपये प्राप्त किए थे। शाम को इंदौर लौटने की तैयारी के दौरान एक परिचित के माध्यम से मिले युवक ने उन्हें बस स्टैंड छोड़ने की बात कही और मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने लगा।

रास्ते में सर्विस लेन पर पहुंचने के दौरान सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार तीन युवकों ने उन पर मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने चाकू दिखाकर मारपीट की और दो लाख रुपये तथा अन्य सामान से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

घटना की शिकायत पर माढ़ोताल थाना में प्रकरण दर्ज कर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया।

पूछताछ में आरोपी राजेंद्र पटेल ने अपने साथियों आलोक पांडे, रोहन उर्फ रोहित ठाकुर, शरद बेन और बृजेश उर्फ बिज्जू अन्ना बेन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर एक लाख रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त एक्सिस स्कूटर, एक्सट्रीम मोटरसाइकिल तथा एक चाकू बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र पटेल (26), शरद बेन (21), बृजेश उर्फ बिज्जू अन्ना बेन (24), आलोक पांडे (21) और रोहन उर्फ रोहित ठाकुर (22) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। मामले में फरार आरोपी पियूष पटेल की तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post