Jabalpur News: लोकेशन लीक करने के शक में युवक पर फायरिंग, बदमाश और गर्लफ्रेंड गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना पुलिस ने युवक पर तीन राउंड फायरिंग करने के मामले में आरोपी करण विश्वकर्मा और उसकी गर्लफ्रेंड सोनानी बर्मन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:30 बजे करण विश्वकर्मा अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बाइक से लाल बिल्डिंग क्षेत्र पहुंचा था। यहां उसकी मुलाकात अंकित लखेरा से हुई। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद करण ने पिस्टल निकालकर लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी।

हालांकि गोली अंकित को नहीं लगी, लेकिन जान बचाने के लिए भागते समय वह दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में चोट आई। फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल अंकित को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

जांच में पता चला है कि करण को शक था कि अंकित उसके विरोधियों को उसकी लोकेशन की जानकारी देता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच करीब एक माह पहले भी विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार करण की हर्ष अहिरवार और आर्यन नामक युवकों से पुरानी रंजिश भी है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की और मंगलवार को करण विश्वकर्मा तथा सोनानी बर्मन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस महिला की भूमिका की भी जांच कर रही है।

गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि आरोपी करण विश्वकर्मा के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post