Jabalpur News: गोंडवाना एक्सप्रेस में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 46 हजार रुपये अतिरिक्त नकदी मिलने पर तीन टीटीई निलंबित

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के विजिलेंस विभाग ने गोंडवाना एक्सप्रेस में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन टिकट निरीक्षकों (टीटीई) को निलंबित कर दिया है। जांच के दौरान तीनों कर्मचारियों के पास निर्धारित राशि से लगभग 46 हजार रुपये अधिक नकदी मिलने पर यह कार्रवाई की गई। मामले में जबलपुर रेल मंडल ने विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार दिल्ली से जबलपुर पहुंची गोंडवाना एक्सप्रेस में यात्रियों की शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने जांच की। यात्रियों ने आरोप लगाया था कि ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात टीटीई जुर्माना और अन्य राशि तो वसूल रहे थे, लेकिन कई मामलों में रसीद जारी नहीं की जा रही थी।

शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम जबलपुर रेलवे स्टेशन पर तैनात रही और ट्रेन के पहुंचते ही जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एसी और स्लीपर कोच में ड्यूटी कर रहे टीटीई मनोज कुशवाहा, कुंदन कुमार और अनिकेश कुमार के पास घोषित राशि से अधिक नकदी बरामद हुई।

कैश मिलान में कुंदन कुमार के पास 32 हजार रुपये, अनिकेश कुमार के पास 14 हजार रुपये और मनोज कुशवाहा के पास 300 रुपये अतिरिक्त पाए गए। इस प्रकार कुल 46,300 रुपये की अतिरिक्त राशि मिलने का मामला सामने आया।

सूत्रों के मुताबिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि एक टीटीई ने अपनी अतिरिक्त राशि दूसरे कर्मचारी को सौंप दी थी, जिसके चलते तीसरे कर्मचारी के पास अपेक्षाकृत कम नकदी मिली। हालांकि विजिलेंस विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।

जबलपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि विजिलेंस जांच में अधिक नकदी मिलने की पुष्टि होने के बाद तीनों टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post