दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भीषण गर्मी और लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण जबलपुर में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। रांझी क्षेत्र में तीन जून से एक समय पानी की आपूर्ति किए जाने के बाद अब कैंट बोर्ड ने भी पूरे छावनी क्षेत्र में जल आपूर्ति सीमित करने का फैसला लिया है। 10 जून से कैंट क्षेत्र में केवल सुबह के समय ही पेयजल सप्लाई की जाएगी।
कैंट बोर्ड प्रशासन के अनुसार भूमिगत जल स्रोतों के लगातार सूखने और जल स्तर में भारी गिरावट आने के कारण यह निर्णय लेना पड़ा है। कैंट बोर्ड कार्यालय द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि जल संकट को देखते हुए नागरिकों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए पानी का संग्रह करना होगा।
कैंट बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) राजीव कुमार ने छावनी क्षेत्र के निवासियों से पानी के संरक्षण की अपील करते हुए कहा है कि जल संकट से निपटने के लिए पानी का दुरुपयोग रोकना बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से जिम्मेदारी के साथ पानी के उपयोग की अपील की है।
वाहनों की धुलाई पर प्रतिबंध
जल संकट को देखते हुए कैंट बोर्ड ने क्षेत्र में वाहनों की धुलाई पर भी रोक लगा दी है। आदेश के तहत वाहन धुलाई का व्यवसाय करने वाले दुकानदारों, गाड़ी मैकेनिकों और अन्य संबंधित लोगों को आगामी आदेश तक यह कार्य पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा तथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पानी का दुरुपयोग पाए जाने पर नल कनेक्शन और बोरिंग जब्त करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है। यह आदेश पूरे कैंट क्षेत्र में मानसून आने तक प्रभावी रहेगा।
Tags
jabalpur
